भारत ने गुरुवार को ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में खेले गए मेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट के फाइनल में जापान को 4-1 से मात देकर खिताबी हैट्रिक लगाई। भारत इस पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहा। यह भारत का छठा खिताब रहा। भारतीय टीम ने इससे पहले साल 2011, 2016, 2018, 2023 और 2024 में भी यह टूर्नामेंट जीता था।
मुकाबले के तीसरे मिनट जापान के काजुमासा मात्सुमोतो ने फील्ड गोल दागा, जिसके बाद शिलानंद लाकड़ा (42वें मिनट), दिलप्रीत सिंह (48वें मिनट), जुगराज सिंह (53वें मिनट) और विवेक सागर प्रसाद (54वें मिनट) ने एक-एक गोल करते हुए भारत की जीत सुनिश्चित की।
खिताबी मैच में भारत ने अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन तीसरे ही मिनट जापान ने मात्सुमोतो के गोल से बढ़त बना ली। उन्होंने 'टोमाहॉक' शॉट से गोल करके दर्शकों को हैरान कर दिया। इसके बाद जापान को 20वें मिनट में लगातार दो पेनाल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन भारतीय डिफेंस ने जापानी कप्तान राइकी फुजीशिमा को गोल दागने से रोक दिया।