भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी एचएस प्रणॉय ने एशियन गेम्स 2026 के मैच शेड्यूल को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को मुकाबलों के बीच पर्याप्त आराम का समय नहीं मिल रहा है।
प्रणॉय की यह टिप्पणी तब आई जब भारत के युवा शटलर आयुष शेट्टी और उन्नति हुड्डा को शनिवार को एक ही दिन में दो मैच खेलने पड़ रहे हैं। उनके दूसरे दौर के मैच शाम को होने वाले राउंड ऑफ 16 के मैचों से कुछ घंटे पहले ही खत्म हुए। प्रणॉय का मानना है कि इतने कम अंतराल में लगातार मैच खेलना खिलाड़ियों के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से चुनौतीपूर्ण होता है। खासकर बड़े टूर्नामेंटों में खिलाड़ियों को रिकवरी और अगले मुकाबले की तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिलना चाहिए। उन्होंने संकेत दिया कि ऐसे व्यस्त शेड्यूल का असर खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर भी पड़ सकता है।
प्रणॉय ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, "इस साल के एशियन गेम्स का शेड्यूल साउथ जोन चैंपियनशिप जैसा लग रहा है। टीम इवेंट के लिए मेडल सेरेमनी रात 11 बजे तक चली और कई खिलाड़ियों का अगला मैच अगले दिन ही था। अब एक ही दिन में 2 सिंगल्स मैच रखे गए हैं। यह तो पागलपन है।"