एशियन गेम्स 2026 की ओपनिंग सेरेमनी शनिवार को होने वाली है। भारतीय दल के फ्लैग बिययर के रूप में ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज मनु भाकर का चयन किया गया है। भाकर इस सम्मान से बेहद खुश हैं और इस पल के रोमांच को महसूस करने के लिए तैयार हैं।
भारतीय दल का फ्लैग बिययर चुने जाने के बाद आईएएनएस से बात करते हुए मनु भाकर ने कहा, "ईमानदारी से कहूं तो जब मुझे शुक्रवार को पता चला कि एशियन गेम्स 2026 में मुझे फ्लैग बियरर बनना है, तो मुझे अपने पुराने दिनों की याद आ गई। मैंने जब अपने करियर की शुरुआत की थी। उस समय नहीं सोचा था कि एक दिन मैं यहां तक पहुंचूंगी। मुझे बहुत ही गर्व की अनुभूति हो रही है। मैं सम्मानित और खुश महसूस कर रही हूं। इसके लिए मैं ईश्वर और सभी का शुक्रिया अदा करना चाहती हूं। मुझे हमेशा समर्थन देने के लिए फैंस का भी मैं शुक्रिया अदा करती हूं।"
भाकर ने कहा, "मैंने 2018 में 16 साल की उम्र में पहली बार एशियन गेम्स में हिस्सा लिया था। उस समय एशियन गेम्स जकार्ता में हुआ था। मैं ओपनिंग सेरेमनी का हिस्सा नहीं बन पाई थी। खेल गांव सेरेमनी की वेन्यू से बहुत दूर था। मेरे कोच जसपाल सर का कहना था कि अगर तुम फ्लैग बेयरर नहीं तो फिर सेरेमनी में जाने की जरूरत नहीं है। शूटिंग इवेंट की शुरुआत के अगले दिन ही होता है, इसलिए ओपनिंग सेरेमनी में भाग लेना हमारे लिए मुश्किल होता है। पहली बार मैंने कॉमनवेल्थ गेम्स में ओपनिंग सेरेमनी में हिस्सा लिया था। ऐसे में फ्लैग बेयरर होना काफी रोमांचक है।"