एशियन गेम्स 2026 में महिलाओं की फेंसिंग (तलवारबाजी) प्रतियोगिता में भारत का अभियान बिना किसी मेडल के समाप्त हो गया। गुरुवार को व्यक्तिगत सेबर इवेंट में भारत की अनुभवी फेंसर सी. ए. भवानी देवी और श्रेया गुप्ता अपने-अपने मुकाबलों में हारकर बाहर हो गईं।
भारत की ओलंपियन खिलाड़ी भवानी देवी ने कठिन पूल स्टेज के बावजूद प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई, लेकिन वह अंतिम 16 के दौर से आगे नहीं बढ़ सकीं। पूल स्टेज में भवानी को तीन मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। उन्हें साउथ कोरिया की जियोंगमी किम से 1-5, ईरान की नजमेह साजानजियन से 4-5 और उज्बेकिस्तान की जैनब दायिबेकोवा से 4-5 से हार मिली।
हालांकि, उन्होंने कजाकिस्तान की आइगेरिम सरीबे को 5-4 और थाईलैंड की अरिसारा सोमफाओ को 5-2 से हराकर अगले दौर में पहुंचने की अपनी उम्मीदें को जिंदा रखा। इसके बाद भवानी ने राउंड ऑफ 32 में मंगोलिया की ओलेन तुग्सजार्गल को 15-8 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।