एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष कबड्डी टीम का मेडल पक्का हो गया है। टीम ने बुधवार को टोकाई सिटिजन्स जिम्नेजियम में ग्रुप ए के मुकाबले में बांग्लादेश को 48-25 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
सुनील कुमार की कप्तानी में यह ग्रुप स्टेज में भारत की लगातार तीसरी जीत है। इससे पहले टीम ने टूर्नामेंट का आगाज जापान के खिलाफ धमाकेदार जीत के साथ किया था। वहीं, दूसरे मैच में टीम ने साउथ कोरिया को 63-31 से शिकस्त दी थी। भारत ने मैच की शुरुआत से ही शानदार खेल दिखाया और बांग्लादेश पर दबाव बनाए रखा। टीम ने मजबूत रेडिंग और अनुशासित डिफेंस के दम पर पहले हाफ में ही बड़ी बढ़त हासिल कर ली। भारतीय खिलाड़ियों ने सफल रेड के जरिए 18 अंक जुटाए और सात बोनस अंक भी हासिल किए। इसके अलावा, टीम ने बांग्लादेश को दो बार ऑलआउट भी किया।
बांग्लादेश को भारतीय डिफेंस के सामने प्वाइंट्स जुटाने में काफी मुश्किल हुई। मैच के शुरुआती हिस्से में वह रेडिंग में सिर्फ 5 प्वाइंट् तीन बोनस प्वाइंट ही हासिल कर सका। एक सुपर टैकल के जरिए बांग्लादेश को एक अतिरिक्त प्वाइंट मिला, लेकिन इससे मैच पर कोई खास असर नहीं पड़ा।