भारत के जैवलिन स्टार नीरज चोपड़ा ने जापान के आइची-नागोया में 'एशियन गेम्स 2026' में हिस्सा ले रही भारतीय टीम को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने उम्मीद जताई है कि सभी एथलीट्स टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन करेंगे।
भारत ने देश का नाम रोशन करने के मकसद से आइची-नागोया खेलों के लिए 499 खिलाड़ियों का दल भेजा है। भारत ने एशियन गेम्स 2023 में रिकॉर्ड 107 मेडल जीते थे। हांग्झू खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले 655 खिलाड़ियों के मुकाबले इस बार दल छोटा होने के बावजूद, 2026 में भी उसी शानदार लय को बनाए रखने का लक्ष्य होगा।
एशियन गेम्स में दो बार गोल्ड मेडल जीतने वाले नीरज टखने में लिगामेंट फटने की वजह से एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा नहीं ले पाएंगे, लेकिन उन्होंने भारतीय टीम को इस बड़े टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। नीरज ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "एशियन गेम्स 2026 में टीम इंडिया को मेरी तरफ से ढेर सारी शुभकामनाएं। मुझे यकीन है कि वे सभी हमें गौरवान्वित करेंगे।"