कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल अपने नाम करने वालीं भारतीय महिला बॉक्सर प्रीति पवार को एशियन गेम्स 2026 के 54 किलोग्राम के राउंड ऑफ 16 मुकाबले में नॉर्थ कोरिया की दो बार की वर्ल्ड चैंपियन पैंग चोल-मी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।
इस हार के साथ ही प्रीति का एशियन गेम्स में मेडल जीतने का सपना भी टूट गया है। चोल-मी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे मुकाबले में दबदबा बनाए रखा और हांग्जो एशियन गेम्स की ब्रॉन्ज मेडल विजेता भारतीय खिलाड़ी को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से हराया।
प्रीति को पहले राउंड में बाई मिला था, जबकि नॉर्थ कोरियाई बॉक्सर ने राउंड ऑफ 32 के मुकाबले में इंडोनेशिया की नबीला महारानी को हराया था। चोल-मी ने भारतीय बॉक्सर के खिलाफ पहले राउंड से ही दबदबा बनाए रखा और उन्हें अपनी शर्तों पर खेलने का मौका नहीं दिया। नॉर्थ कोरियाई खिलाड़ी ने पहला राउंड सर्वसम्मति से जीता और दूसरे राउंड में भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा।