Asian Games Men: भारतीय रेसलर सुजीत कलकल ने शुक्रवार को नागोया सिटी इनाए स्पोर्ट्स सेंटर में हुए रोमांचक फाइनल में ताजिकिस्तान के अब्दुलमजीद कुदियेव को 10-9 से हराकर एशियन गेम्स 2026 में रेसलिंग में भारत के गोल्ड मेडल के इंतजार को खत्म किया। उन्होंने पुरुषों की फ्रीस्टाइल 65 किलोग्राम कैटेगरी में शानदार वापसी करते हुए यह जीत हासिल की।
मैच के ज्यादातर समय 23 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी 2-9 से पीछे चल रहे थे, लेकिन फिर उन्होंने मैच के आखिरी पलों में लगातार आठ प्वाइंट हासिल करके जबरदस्त वापसी की और कुदियेव को हराकर इस एशियन गेम्स में भारत के लिए रेसलिंग का पहला गोल्ड मेडल पक्का किया।
कलकल की यह जीत आइची-नागोया में उनके शानदार प्रदर्शन का नतीजा थी। उन्होंने फाइनल तक पहुंचने के रास्ते में एक ओलंपिक चैंपियन और ईरान व जापान के मजबूत प्रतिद्वंद्वियों को शिकस्त दी। भारतीय रेसलर ने अफगानिस्तान के सैयद उमर ज़जई के खिलाफ अपनी चुनौती शुरू की और शुरुआत में 0-3 से पिछड़ गए।