एशियन गेम्स 2026 का आगाज 19 सितंबर से जापान के आइची-नागोया में होने जा रहा है। भारत ने इस बार कुल 503 एथलीट का दल भेजा है, जो कुल 35 खेलों में हिस्सा लेंगे। हालांकि, कुछ खिलाड़ी ऐसे भी हैं, जो इस मेगा इवेंट में भारत के लिए सरप्राइज पैकेज साबित हो सकते हैं।
साक्षी चौधरी: महिला बॉक्सर साक्षी चौधरी ने बेहद कम समय में अपनी खास पहचान बनाई है। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में साक्षी का प्रदर्शन जबरदस्त रहा था और वह गोल्ड मेडल जीतने में सफल रही थीं। साक्षी ने फाइनल में रूबी व्हाइट के 68 मैचों से चले आ रहे जीत के सिलसिले को भी तोड़ दिया था। भले ही वह पहली बार एशियन गेम्स में हिस्सा ले रही हों, लेकिन वह अपने प्रदर्शन से हर किसी को हैरान करने का दमखम रखती हैं, जिसकी झलक वो कॉमनवेल्थ गेम्स में ही दिखा चुकी हैं।
अनाहत सिंह: महज 18 साल की उम्र में एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा लेने जा रहीं अनाहत सिंह स्क्वैश के खेल में दमदार प्रदर्शन कर सकती हैं। अनाहत ने अभी हाल ही में विश्व जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप जीती थी। वह यह मुकाम हासिल करने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनी थीं। अनाहत अपनी हालिया फॉर्म को अगर बरकरार रखने में सफल रहीं, तो वह देश की झोली में मेडल डाल सकती हैं।