एशियन गेम्स 2026 में भारतीय शूटर्स का जलवा देखने को मिल रहा है। टूर्नामेंट के तीसरे दिन की शुरुआत भी भारतीय शूटिंग टीम के लिए जबरदस्त रही है। पुरुषों के 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने के बाद व्यक्तिगत स्पर्धा में भी हिमांशु ढिल्लों ने सिल्वर और रुद्राक्ष पाटिल ने देश को ब्रॉन्ज मेडल दिलाया।
भारतीय शूटिंग टीम अब तक कुल 5 मेडल अपने नाम कर चुकी है। रविवार को महिला टीम ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया था, जबकि इलावेनिल वलारिवन ने 10 मीटर एयर राइफल की व्यक्तिगत स्पर्धा में सिल्वर पर कब्जा जमाया था। टीम के अब तक के शानदार प्रदर्शन पर बात करते हुए नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) के अध्यक्ष कलिकेश सिंह ने कहा कि यह अभी महज शुरुआत है और शूटिंग टीम अभी कई और मेडल लेकर आएगी।
कलिकेश ने 'आईएएनएस' के साथ बात करते हुए कहा, "भारतीय शूटिंग में हमारी शुरुआत अच्छी रही है। कल महिलाओं के 10 मीटर इवेंट में इलावेनिल ने सिल्वर मेडल जीता और टीम ने भी सिल्वर मेडल हासिल किया। आज रुद्राक्ष ने ब्रॉन्ज मेडल जीता, हिमांशु ने सिल्वर मेडल जीता और टीम ने फिर से सिल्वर मेडल जीता। तो दो दिनों में इंडियन शूटिंग में पांच मेडल मिल चुके हैं और आगे भी कई मेडल आने की उम्मीद है। मुझे लगता है कि यह तो बस शुरुआत है।"