भारत की महिला कबड्डी टीम ने एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में शनिवार को ईरान के खिलाफ 37-34 से जीत हासिल करते हुए 'गोल्ड मेडल' अपने नाम किया। सोनाली विष्णु शिंगटे को इस मेडल के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा है, क्योंकि पिछले एशियन गेम्स में वह चोटिल होने के कारण हिस्सा नहीं ले सकी थीं।
सोनाली विष्णु शिंगटे ने आईएएनएस को बताया, "ये हमारे लिए बहुत गर्व की बात है, क्योंकि हमने भारत की मेडल टैली में गोल्ड जोड़ा है। हम सभी यही सोचते हैं कि जब भी देश का प्रतिनिधित्व करें, तो गोल्ड ही लेकर आएं। आखिरकार, यह गोल्ड मेडल आज हमारे गले में है। यह बहुत खुशी की बात है।"
उन्होंने कहा, "एशियन गेम्स में गोल्ड जीतना हमारा लक्ष्य था। मैंने इतने साल खेला है। 2018 में हमने सिल्वर जीता था, लेकिन 2023 में चोटिल हो गई थी। मुझे पहले से ही लग रहा था कि इस बार हमारा गोल्ड मेडल आएगा। मैं इस मेडल को अपने परिवार को समर्पित करना चाहूंगी। मेरी मम्मी, भाई है और भाभी ने बहुत सपोर्ट किया है। वो मुझे हमेशा कहते हैं कि मैं बस अपनी प्रैक्टिस पर ध्यान दूं। आराम करूं और बाकी चीजों पर ध्यान न दूं।"