Asian Games: एशियन गेम्स 2026 में गुरुवार को भारत के नितेश सिवाच ने ग्रीको-रोमन कुश्ती में सिल्वर मेडल हासिल किया। नितेश को नागोया सिटी इनाए स्पोर्ट्स सेंटर में पुरुषों के 97 किलोग्राम फाइनल में जापान के यूरी नकाजातो के हाथों 0-4 से हार का सामना करना पड़ा।
देश को सिल्वर मेडल जिताने के बाद भारतीय पहलवान नितेश सिवाच ने कहा कि एशियन गेम्स 2026 में सिल्वर मेडल जीतना एक ऐसा पल था, जिसके लिए उन्होंने अपने पूरे सफर में मेहनत की थी। इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता में ग्रीको-रोमन रेसलिंग के फाइनल में पहुंचने वाले दूसरे भारतीय बनने के बाद नितेश ने यह उपलब्धि अपने पिता को समर्पित की। उनके इस मेडल ने भारत के 64 साल लंबे इंतजार को खत्म कर दिया है। उनसे पहले साल 1962 में मारुति माने ने इसी वेट कैटेगरी में देश के लिए सिल्वर मेडल जीता था।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद नितेश ने कहा, "सच कहूं तो मुझे अभी भी विश्वास नहीं हो रहा है। मैंने एशियन गेम्स में सिल्वर मेडल जीता है। मेरे पिता हमेशा मुझसे कहते थे कि एक बार जब मैंने यह सफर शुरू कर दिया है तो पीछे मुड़कर नहीं देखना है, मुझे घर मेडल लाना ही है, और आज, मैंने उनके लिए यह कर दिखाया।"