एशियन गेम्स 2026 में भारत की एंसी सोजन ने महिलाओं की लॉन्ग जंप में सिल्वर मेडल जीता। नागोया सिटी मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में हुए रोमांचक मुकाबले में चीन की हुआंग यिंगयिंग ने अपनी आखिरी जंप में 6.55 मीटर की दूरी तय करते हुए गोल्ड अपने नाम किया और भारतीय खिलाड़ी को सिर्फ दो सेंटीमीटर से पछाड़ा। शैली सिंह मुकाबले के ज्यादातर समय मेडल की दौड़ में बनी हुई थीं, लेकिन अंतत: चौथे स्थान पर रहीं।
एंसी ने अपनी पहली ही कोशिश में 6.49 मीटर की दूरी तय करते हुए गोल्ड मेडल की स्थिति बना ली थी, लेकिन उनकी दूसरी जंप फाउल करार दी गई। हालांकि, उनकी पहली कोशिश उन्हें मुकाबले के दौरान शीर्ष पर बनाए रखने के लिए काफी थी।
दूसरी तरफ, शैली ने 6.25 मीटर के साथ शुरुआत करते हुए अपनी दूसरी कोशिश में 6.34 मीटर तक पहुंचीं। उन्होंने अपनी तीसरी जंप में भी वही दूरी तय की और तीन राउंड के बाद शीर्ष आठ खिलाड़ियों में जगह बनाकर मेडल की दौड़ में बनी रहीं।