भारतीय मुक्केबाज नरेंद्र बेरवाल ने रविवार को क्वार्टर फाइनल में अथापोंग सेंगटेप को शिकस्त देकर पुरुषों के 90+ किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बना ली। इसी के साथ नरेंद्र ने अपना मेडल सुनिश्चित कर लिया है। दूसरी तरफ, पुरुषों के 60 किलोग्राम वर्ग में सचिन सिवाच को जापान के शुनसुके कितामोटो से हार का सामना करना पड़ा।
निशियो जिम्नेजियम में नरेंद्र ने पहले राउंड में ही शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी को बुरी तरह हराया। उन्होंने अथापोंग सेंगटेप पर सटीक और जोरदार मुक्के बरसाए, जिसके कारण प्रतिद्वंद्वी को दो बार 'स्टैंडिंग काउंट' का सामना करना पड़ा। तीसरी बार रेफरी द्वारा मुकाबला रोके जाने पर नरेंद्र को विजेता घोषित कर दिया गया। सेमीफाइनल में नरेंद्र का मुकाबला वर्ल्ड चैंपियन आइबेक ओरलबे से होगा।
नरेंद्र ने 2023 हांगझोऊ गेम्स में ब्रॉन्ज अपने नाम किया था। वह हाल ही में संपन्न कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में सिल्वर मेडल जीत चुके हैं। अंकुश पंघाल और परवीन हुड्डा के बाद यह भारत का तीसरा बॉक्सिंग मेडल है।