भारतीय मुक्केबाज प्रिया घंघास को बुधवार को महिलाओं की 60 किग्रा कैटेगरी के सेमीफाइनल में चीन की यांग चेंगयु से 1-4 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ ही एशियन गेम्स 2026 में उनका सफर ब्रॉन्ज मेडल के साथ समाप्त हुआ।
भारतीय बॉक्सर ने क्वार्टर फाइनल में ताजिकिस्तान की मिजगोना समदोवा पर 5-0 की एकमत जीत के साथ सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की थी और फाइनल में जगह बनाने की प्रबल दावेदार के रूप में सेमीफाइनल में प्रवेश किया था।
सेमीफाइनल में प्रिया के खिलाफ यांग दबाव के समय भी शांत रहीं और कई अटैकिंग वार को असरदार तरीके से बेअसर कर दिया। यांग ने मुकाबले की शुरुआत आक्रामक तरीके से की, जिससे प्रिया को काउंटर पर निर्भर रहना पड़ा। इंडियन बॉक्सर ने जल्द ही अपनी रिदम पकड़ ली और कॉम्बिनेशन लगाना शुरू कर दिया, खासकर शुरुआती राउंड के दूसरे हाफ में। प्रिया के कुछ मौकों पर बेहतर एक्सचेंज दिखने के बावजूद, जजों ने राउंड 3-2 से यांग को दे दिया।