Asian Games: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन के लिए बैडमिंटन और स्कीट टीमों के साथ भारतीय एथलीट्स को सराहा है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इस टीम को बधाई देते हुए लिखा, "एशियन गेम्स 2026 में स्कीट मिक्स्ड टीम इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर परिनाज धालीवाल और अनंतजीत सिंह नारुका को मेरी ओर से बहुत-बहुत बधाई। एशियन गेम्स में स्कीट मिक्स्ड टीम इवेंट में भारत का यह पहला मेडल है। इस जोड़ी ने बेहतरीन टीमवर्क और निरंतरता का प्रदर्शन किया और गेम्स में स्कीट में भारत के शानदार प्रदर्शन में और इजाफा किया। आगामी वर्षों में आप दोनों को और भी सफलताएं मिलें, इसके लिए मेरी शुभकामनाएं।"
वहीं, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पीएम मोदी ने स्कीट मिक्स्ड टीम इवेंट में नारुका और परिनाज की उपलब्धि की सराहना करते हुए बताया कि यह मेडल एशियन गेम्स में इस इवेंट में भारत का पहला पोडियम फिनिश (टॉप 3 में जगह बनाना) था। पीएमओ के आधिकारिक 'एक्स' अकाउंट पर लिखा गया, "एशियन गेम्स में स्कीट मिक्स्ड टीम इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर परिनाज धालीवाल और अनंतजीत सिंह नारुका को बधाई। उनकी यह उपलब्धि एशियन गेम्स में इस इवेंट में भारत का पहला मेडल है। दोनों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। यह सफलता भविष्य में और भी कई उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरणा बनेगी।"