जय मीना, योगेश चौधरी, आर्यन ठाकुर, अनिकेत पटेल और ओम यादव की भारतीय पुरुष सॉफ्ट टेनिस टीम का एशियन गेम्स 2026 में सफर क्वार्टर फाइनल में समाप्त हो गया। टीम को इंडोनेशिया के खिलाफ 0-2 से हार का सामना करना पड़ा।
जय मीना और योगेश चौधरी की जोड़ी पुरुष डबल्स के पहले मैच में इंडोनेशिया के टियो हुटौरुक और फर्नांडो सेंगर से 2-5 से हार गई। इसके बाद आर्यन ठाकुर को भी पुरुष सिंगल्स मुकाबले में बागुस प्रादेवा के खिलाफ 3-4 से हार का सामना करना पड़ा, हालांकि भारतीय खिलाड़ियों का अभियान अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। जय मीना और आर्यन ठाकुर 22 सितंबर को पुरुष सिंगल्स स्पर्धा में चुनौती पेश करेंगे। वहीं जय मीना 21 सितंबर को मिक्स्ड डबल्स मुकाबलों में भी हिस्सा लेंगे।
भारतीय पुरुष टीम ने लाओस पर शानदार 3-0 की जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की, लेकिन फिर ग्रुप में टॉप पर रहने वाली चीनी ताइपे से उन्हें 0-3 से हार का सामना करना पड़ा। नॉकआउट में जगह बनाने के लिए अपने आखिरी ग्रुप मैच में जीत की जरूरत थी और भारत ने मजबूत वापसी करते हुए मंगोलिया को 3-0 से हराया। इस तरह तीन मैचों में चार अंकों के साथ वे अंतिम आठ में पहुंच गए।