भारतीय महिला हॉकी टीम ने 'एशियन गेम्स 2026' में मेडल सुनिश्चित कर लिया है। बुधवार को जापान के काकामिगहारा में खेले गए सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने साउथ कोरिया को 2-0 से मात देकर गोल्ड मेडल मैच में जगह बना ली। अब खिताबी मैच में भारत का सामान चीन से होगा।
1982 के बाद से महिला हॉकी में अपना पहला एशियन गेम्स गोल्ड मेडल जीतने की कोशिश कर रही भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अपना शानदार रिकॉर्ड बनाए रखा। सलीमा टेटे की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने ज्यादातर समय बॉल पर कब्जा बनाए रखा, लेकिन साउथ कोरिया के मजबूत डिफेंस के कारण उन्हें गोल करने के लिए तीसरे क्वार्टर तक इंतजार करना पड़ा।
भारत को पहले क्वार्टर में कई पेनाल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन किसी भी मौके को गोल में तब्दील नहीं किया जा सका। वे ओपन प्ले से भी गोल के करीब पहुंचे, लेकिन नवनीत कौर से मिले बेहतरीन पास के बाद लालरेम्सियामी हमारजोटे गोल नहीं कर पाईं। साउथ कोरिया ने भी दोनों तरफ से अटैक करके भारतीय डिफेंस को परखने की कोशिश की, लेकिन भारत का डिफेंस मजबूत बना रहा और पहला क्वार्टर बिना किसी गोल के खत्म हुआ।