एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने रविवार को 'पूल-बी' के अपने आखिरी मैच में सिंगापुर को 7-0 से रौंदा। इस जीत के साथ भारत ने ग्रुप स्टेज में अजेय रहते हुए अपना सफर पूरा किया। 'पूल-बी' में शीर्ष पर रहते हुए भारत ने सेमीफाइनल में स्थान पक्का कर लिया है, जहां उसका मुकाबला साउथ कोरिया से होगा।
गिफू प्रीफेक्चुरल ग्रीन स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत का दबदबा रहा और टीम ने 64 प्रतिशत समय तक गेंद अपने कब्जे में रखी। इस दौरान भारतीय टीम को 28 पेनाल्टी कॉर्नर मिले। इस मुकाबले में भारत की पांच खिलाड़ियों ने एक-एक गोल किए, जबकि सुनेलिता टोप्पो ने दो गोल दागे।
हालांकि, कई मौके बनाने और कई पेनाल्टी कॉर्नर हासिल करने के बावजूद भारतीय टीम पहले क्वार्टर में कोई गोल नहीं दाग सकी। सिंगापुर की गोलकीपर फेलिसा लाई और उनकी डिफेंस ने शुरुआती 15 मिनट तक भारतीय हमलों को रोके रखा। आखिरकार, दूसरे क्वार्टर में भारत को सफलता मिल गई। कप्तान सलीमा टेटे ने फील्ड गोल करके टीम का खाता खोला।