एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई है। दो बार की मेडलिस्ट पीवी सिंधु और एशियन गेम्स 2022 में पुरुषों के डबल्स में गोल्ड मेडल जीतने वाले सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी भारतीय टीम की अगुवाई करेंगे। इस साल एशियन गेम्स जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच आयोजित होंगे।
बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (बाई) की सिलेक्शन कमिटी ने नेशनल और इंटरनेशनल टूर्नामेंट के हालिया नतीजों और 26 मई 2026 तक की बीडब्ल्यूएफ रैंकिंग को देखने के बाद टीम को मंजूरी दी।
भारत के टॉप-रैंक वाले पुरुष सिंगल्स खिलाड़ी लक्ष्य सेन की अगुवाई वाली इस टीम में अनुभवी एचएस प्रणय और किदांबी श्रीकांत भी शामिल हैं, जिन्होंने पिछले एडिशन में भारत के ऐतिहासिक सिल्वर मेडल में अहम भूमिका निभाई थी। पुरुषों की टीम में इस साल के बीडब्ल्यूएफ थॉमस कप में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाले अधिकतर मुख्य खिलाड़ी शामिल हैं।