नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) ने गुरुवार को एशियन गेम्स 2026 के लिए अपनी 30 सदस्यीय शूटिंग टीम घोषणा की है। ये खेल जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक आयोजित किए जाएंगे।
यह शूटिंग इवेंट्स 17 सितंबर से 3 अक्टूबर के बीच आइची प्रीफेक्चुरल जनरल शूटिंग रेंज में होंगे। हालांकि, चयनित एथलीट्स ने युवा मामले और खेल मंत्रालय (एमवाईएएस) की ओर से तय किए गए क्वालिफिकेशन स्टैंडर्ड्स को पूरा किया था, लेकिन गेम्स की आयोजन समिति की तरफ से लगाई गई सख्त डायनामिक कोटा लिमिट के कारण अंतिम सूची में कुल 30 खिलाड़ी (15 पुरुष और 15 महिलाएं) शामिल हैं।
एशियन गेम्स के लिए चुनी गई टीम के बारे में एनआरएआई के अध्यक्ष कलिकेश सिंह देव ने कहा, "आज भारतीय शूटिंग में टैलेंट की असाधारण गहराई और क्वालिटी को देखते हुए इस टीम को चुनना एक चुनौतीपूर्ण काम था। 36 इवेंट स्लॉट में भागीदारी वाले प्रोग्राम के लिए 30 एथलीट्स की सीमा को देखते हुए, सिलेक्शन कमेटी ने विस्तृत मूल्यांकन किया ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि अंतिम टीम भारत का सबसे मजबूत प्रतिनिधित्व करे और सभी इवेंट्स में प्रतिस्पर्धात्मक सफलता के लिए सबसे अच्छा मौका दे। यह टीम भारतीय शूटिंग की ताकत, गहराई और विविधता को दर्शाती है। हमें भरोसा है कि यह टीम शानदार ढंग से भारत का प्रतिनिधित्व करेगी और आइची-नागोया में देश का नाम रोशन करेगी।"