एशियन गेम्स 2026 में गुरुवार को भारतीय बॉक्सर परवीन ने 'राउंड ऑफ 16' में ताजिकिस्तान की मलिका नोजिमोवा से वॉकओवर मिलने के बाद महिलाओं के 65 किग्रा कैटेगरी के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। परवीन अब मेडल सुनिश्चित करने से बस एक जीत दूर हैं। वहीं, साक्षी चौधरी को महिलाओं के 51 किग्रा प्री-क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा।
सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए क्वार्टर फाइनल में परवीन का मुकाबला उज्बेकिस्तान की मौजूदा वर्ल्ड सिल्वर मेडलिस्ट नवबखोर खमिदोवा से होगा।
हरियाणा में जन्मीं यह बॉक्सर 63 किलोग्राम कैटेगरी में 2022 की एशियन चैंपियन हैं। एशियन गेम्स 2023 के लिए वह 57 किलोग्राम कैटेगरी में चली गई थीं और शुरुआत में भारत के लिए ब्रॉन्ज मेडल और ओलंपिक्स कोटा हासिल किया था। हालांकि, 12 महीनों के अंदर तीन बार 'वेयरअबाउट्स' (अपनी लोकेशन की जानकारी न देने) में फेल होने के कारण वाडा द्वारा सस्पेंशन मिलने के बाद उनसे ये दोनों उपलब्धियां छीन ली गई थीं। उन्हें उम्मीद होगी कि इस बार वह मेडल जीत पाएंगी।