भारत को एशियन गेम्स 2026 में सातवां गोल्ड मेडल मिल गया है। चिकिथा तनिपार्थी, पृथिका प्रदीप और ज्योति सुरेखा वेन्नम वाली भारतीय कंपाउंड महिला आर्चरी टीम ने बुधवार को ओकाजाकी चुओ सोगो पार्क मल्टीपर्पस स्क्वायर में चीन को 238-234 से हराकर गोल्ड मेडल जीता। भारतीय तिकड़ी ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाते हुए गोल्ड जीता है।
भारतीय महिला कंपाउंड टीम को उनकी उपलब्धि के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, खेल मंत्री मनसुख मांडविया, उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बधाई दी है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा, "एशियन गेम्स 2026 में महिला कंपाउंड आर्चरी टीम इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने पर चिकिथा तनिपार्थी, पृथिका प्रदीप और ज्योति सुरेखा वेन्नम को बहुत-बहुत बधाई। आपकी जबरदस्त सटीकता, धैर्य और टीमवर्क ने देश को गर्व महसूस कराया है। यह यादगार कामयाबी आपको और भी कई मुकाम हासिल करने के लिए प्रेरित करे।"