राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एची-नागोया एशियन गेम्स 2026 में गुरुवार को पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने भारतीय महिला स्क्वैश टीम और कंपाउंड तीरंदाज गणेश मणिरत्नम तिरुमुरु को ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर शुभकामनाएं दीं। इसके अलावा, पुरुषों की स्किफ स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाले प्रिंस नोबल और मनु फ्रांसिस की भी सराहना की।
नागोया किंजो फूटो एरिना में एक करीबी मुकाबले में हांगकांग से 2-1 से हारने के बाद भारतीय महिला स्क्वैश टीम को ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "मैं एशियन गेम्स 2026 में स्क्वैश के महिला टीम इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर अनाहत सिंह, तन्वी खन्ना, जोशना चिनप्पा और शमीना रियाज को बधाई देती हूं। आपकी सामूहिक कोशिशों से भारत को स्क्वैश में एक और मेडल मिला है। मैं इस उपलब्धि के लिए टीम की सराहना करती हूं।"