एशियन चैंपियनशिप के गोल्ड मेडलिस्ट फ्रीस्टाइल पहलवान सुजीत कलकल ने शुक्रवार को जापान के मौजूदा ओलंपिक चैंपियन कोटारो कियूका को हराकर पुरुषों के 65 किग्रा फाइनल में जगह बनाई। सुजीत का फाइनल में ताजिकिस्तान के अब्दुलमजीद कुडीव से मुकाबला होगा।
सुजीत ने 0-2 से पिछड़ने के बाद रोमांचक सेमीफाइनल में ओलंपिक चैंपियन और घरेलू फेवरेट कोटारो को 3-3 से हराकर अपने करियर की सबसे बड़ी जीत हासिल की।
अंडर-23 वर्ल्ड चैंपियन सुजीत ने प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में अफगानिस्तान के सैयद उमर जजई पर 13-3 की तकनीकी श्रेष्ठता से जीत के साथ कैंपेन की शुरुआत की। जजई ने राउंड ऑफ 16 मुकाबले की शुरुआत में सुजीत पर तीन पॉइंट बनाए। सुजीत ने खुद को संभाला और स्टेप-आउट के साथ आगे बढ़े। इसके बाद उन्होंने एक फोर-पॉइंटर, एक गो-बिहाइंड और एक एक्सपोजर स्कोर करके 9-3 की बढ़त बना ली, फिर 13-3 से जीतकर क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए।