पंजाब पहली बार 'मेंस एशियन हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी' की मेजबानी करने जा रहा है, जिसकी तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने गुरुवार को हॉकी फेडरेशन ऑफ इंडिया के अधिकारियों के साथ बैठक की।
सीएम भगवंत सिंह मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा, "आज इंडियन हॉकी फेडरेशन के अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक हुई, जिसमें पंजाब में होने वाली 'एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी' की तैयारियों की समीक्षा की गई।"
उन्होंने कहा, "पंजाब हमेशा से ही हॉकी की नर्सरी रहा है। हमारी धरती पर ऐसे अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की मेजबानी से हमारे युवाओं को खेलों से जुड़ने की और भी अधिक प्रेरणा मिलेगी। इस वैश्विक आयोजन के लिए भव्य इंतजाम, सुरक्षा और खिलाड़ियों को हरसंभव सुविधा देने के लिए 'आप की सरकार' पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। आइए, हम सभी मिलकर खेलों के क्षेत्र में एक बार फिर से 'वाइब्रेंट पंजाब' का निर्माण करें।"