प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को 'एशियन पैरा गेम्स 2026' में भारत के लिए मेडल जीतने वाले एथलीट्स को बधाई दी। भारत ने सोमवार को कुल 11 मेडल (4 गोल्ड, 5 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज) अपने नाम करते हुए मेडल टैली में चौथा स्थान हासिल किया।
पीएम मोदी ने जूडोका कोकिला को सिल्वर जीतने पर बधाई दी। प्रधानमंत्री कार्यालय ने पीएम मोदी के हवाले से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "एशियन पैरा गेम्स 2026 में महिलाओं के जे2-52 किग्रा जूडो इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने पर कोकिला को बधाई। पिछले एशियन पैरा गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल से लेकर एक नई कैटेगरी में सिल्वर मेडल जीतने तक का उनका सफर उनके अद्भुत धैर्य, समर्पण और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है। आगामी वर्षों में उनकी निरंतर सफलता की कामना करता हूं।"
पीएम ने लॉन्ग जंपर निषाद कुमार को स्वर्णिम सफलता पर बधाई देते हुए कहा, "एशियन पैरा गेम्स 2026 में पुरुषों की लॉन्ग जंप टी47 इवेंट में शानदार छलांग लगाकर गोल्ड मेडल जीतने वाले निषाद कुमार पर बहुत गर्व है। इस इवेंट में अपने पहले ही प्रयास में गोल्ड मेडल जीतना इस उपलब्धि को और भी खास बनाता है। उनकी बहुमुखी प्रतिभा, दृढ़ संकल्प और खेल के प्रति उत्कृष्टता वास्तव में प्रेरणादायक है। भविष्य के प्रयासों के लिए उन्हें बहुत-बहुत शुभकामनाएं।"