मिजुहो पार्क एथलेटिक्स स्टेडियम में शनिवार को 'आइची-नागोया 2026 एशियन पैरा गेम्स' का समापन समारोह आयोजित किया गया, जिसके साथ एक सप्ताह तक चली यह प्रतियोगिता संपन्न हो गई। क्लोजिंग सेरेमनी में पैरा निशानेबाज मोना अग्रवाल और एथलीट निषाद कुमार भारत के ध्वजवाहक रहे, जिन्होंने इस संस्करण में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दो-दो गोल्ड मेडल अपने नाम किए।
जापान में पहली बार आयोजित इन खेलों में 45 देशों और क्षेत्रों के लगभग 4,000 एथलीट और स्टाफ सदस्य शामिल हुए। एशियन पैरा गेम्स की शुरुआत 'फार ईस्ट एंड साउथ पैसिफिक गेम्स फेडरेशन फॉर द डिसेबल्ड' से हुई थी, और इसका पहला संस्करण साल 2010 में चीन के ग्वांगझू में आयोजित किया गया था। आइची-नागोया में हुआ यह आयोजन इसका पांचवां संस्करण था, जबकि 2030 में छठा संस्करण दोहा में आयोजित किया जाएगा।
एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत ने कुल 114 पदकों (30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य) के रिकॉर्ड के साथ अपना सफर पूरा किया। यह 2023 में हांगझोऊ में जीते गए 111 पदकों (29 स्वर्ण, 31 रजत और 51 कांस्य) के पिछले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से बेहतर है।