भारत के पैरालंपिक और विश्व चैंपियन सुमित अंतिल ने एक और उपलब्धि अपने नाम कर ली है। उन्होंने शुक्रवार को नागोया सिटी मिज़ुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में पुरुषों के जैवलिन थ्रो (एफ42–एफ44/एफ61–एफ64) इवेंट में गोल्ड मेडल जीतकर अपने पिछले एशियन पैरा गेम्स के खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया।
अंतिल ने एशियन पैरा गेम्स 2026 के फाइनल में 72.46 मीटर के शानदार थ्रो के साथ अपना दूसरा गोल्ड मेडल जीता। इस इवेंट में पोडियम की तीनों जगहें भारतीय खिलाड़ियों के नाम रहीं। महेंद्र गुर्जर (एफ42) ने सिल्वर और संदीप सरगर (एफ44) ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।महेंद्र ने 59.03 मीटर की दूरी तक भाला फेंका और 1066 'रजा प्वाइंट्स' हासिल किए, जबकि संदीप ने 64.48 मीटर की दूरी तय की और 1006 'रजा प्वाइंट्स' जुटाए। इन दोनों एथलीटों ने अपनी-अपनी कैटेगरी में गेम्स रिकॉर्ड भी तोड़ा।
'रजा प्वाइंट्स' सिस्टम' एक गणितीय तरीका है, जिसके जरिए अलग-अलग तरह की दिव्यांगता वाले एथलीटों की तुलना की जाती है और उन्हें एक समान स्तर पर रैंक किया जाता है। इस बीच, प्रणव सूरमा ने पुरुषों के क्लब थ्रो (एफ51) इवेंट में 32.87 मीटर की थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीता, जो एक नया गेम्स रिकॉर्ड है। इसी इवेंट में धर्मबीर ने 27.71 मीटर की थ्रो के साथ ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। अनुभवी खिलाड़ी अमित कुमार सरोहा 27.26 मीटर की थ्रो के साथ पांचवें स्थान पर रहे, जिससे भारत एक और पोडियम स्वीप (तीनों मेडल जीतना) करने से चूक गया।