एशियन पैरा गेम्स में मंगलवार को भारत ने मेंस डिस्कस थ्रो एफ43/एफ44/एफ62/एफ64 फाइनल में तीनों मेडल अपने नाम किए। देवेंद्र कुमार ने गोल्ड, राकेश ने सिल्वर और प्रदीप कुमार ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
देवेंद्र कुमार ने अपने दूसरे प्रयास में 49.71 मीटर की सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ 781 'रजा प्वाइंट्स' हासिल किए। वहीं, राकेश 49.35 मीटर की सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ 771 प्वाइंट्स लेकर दूसरे स्थान पर रहे, जबकि प्रदीप कुमार ने 669 प्वाइंट्स के साथ तीसरे स्थान अपने नाम किया।
इस प्रतियोगिता में अलग-अलग कैटेगरी के एथलीट्स शामिल थे, और फाइनल रैंकिंग तय करने के लिए 'रजा प्वाइंट्स सिस्टम' का इस्तेमाल किया गया। यह सिस्टम एथलीट्स के प्रदर्शन को प्वाइंट्स में बदल देता है, जिससे अलग-अलग तरह की या अलग-अलग स्तर की दिव्यांगता वाले एथलीट्स के बीच निष्पक्ष मुकाबला हो सके। इसमें कुल प्वाइंट्स के आधार पर रैंकिंग तय होती है, न कि केवल फेंकी गई दूरी के आधार पर।