एशियन पैरा गेम्स 2026 में गुरुवार को कपिल कुमार ने तैराकी में पुरुषों की 400 मीटर फ्रीस्टाइल एस10 फाइनल में सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
कपिल कुमार ने 4:38.44 के समय के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। जापान के अकिटो मिनाई ने 4:27.44 के गेम्स-रिकॉर्ड समय के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि ईरान के शाहीन इजद्यार ने 4:38.65 के समय के साथ ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया। पांच तैराकों के इस फाइनल में कपिल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पोडियम पर अपनी जगह बनाई और इजद्यार से मामूली अंतर से आगे रहे। हालांकि, मिनाई ने रिकॉर्ड तोड़ते हुए अच्छी बढ़त बना ली थी, लेकिन भारतीय तैराक ने दूसरा स्थान बनाए रखा और इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता में भारत के मेडलों की संख्या में एक और मेडल जोड़ दिया।
इस सिल्वर मेडल के साथ ही इन खेलों में कपिल का अभियान भी पूरा हो गया। उन्होंने पैरा-स्विमिंग में भारत को एक और पोडियम फिनिश दिलाई। एस10 क्लासिफिकेशन उन तैराकों के लिए है, जिन्हें शारीरिक रूप से कम गंभीर दिक्कतें होती हैं। इसमें पैरों में कमजोरी, पैर न होना, घुटने के नीचे का हिस्सा न होना या कूल्हे से जुड़ी शारीरिक समस्याएं शामिल होती हैं। पैरा-स्विमिंग में, 'एस' का इस्तेमाल फ्रीस्टाइल, बैकस्ट्रोक और बटरफ्लाई इवेंट्स के लिए किया जाता है, जबकि 'एसबी' का मतलब ब्रेस्टस्ट्रोक और 'एसएम' का मतलब व्यक्तिगत मेडल प्रतियोगिताओं से होता है।