दो बार के पैरालंपिक पदक विजेता पैरा शूटर मनीष नरवाल ने मंगलवार को एशियन पैरा गेम्स में 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच 1 कैटेगरी में सिल्वर मेडल जीता। इसके साथ ही उन्होंने लॉस एंजिल्स पैरालंपिक्स 2028 के लिए अपना कोटा भी पक्का कर लिया है।
नरवाल ने 233.7 का स्कोर करके दूसरा स्थान हासिल किया। उनसे आगे दक्षिण कोरिया के जियोंगडू जो रहे, जिन्होंने 241.3 के गेम्स रिकॉर्ड के साथ गोल्ड मेडल जीता। आठ खिलाड़ियों के फाइनल में एक अन्य भारतीय, रुद्रांश खंडेलवाल ने 127.3 के स्कोर के साथ सातवां स्थान हासिल किया।
क्वालिफिकेशन राउंड में खंडेलवाल (571-21x) दूसरे और नरवाल (570-15x) पांचवें स्थान पर रहे, जिससे उन्होंने फाइनल में जगह बनाई। वहीं, निहाल सिंह 560-9x के स्कोर के साथ क्वालिफिकेशन में 12वें स्थान पर रहे। नरवाल ने पेरिस पैरालंपिक 2024 में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग एसएच 1 क्लास में सिल्वर मेडल जीता था। टोक्यो 2020 में, उन्होंने मिक्स्ड एसएच 1 50 मीटर पिस्टल इवेंट में गोल्ड मेडल जीतकर पैरालंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष शूटर बनने का कारनामा किया था। पिस्टल इवेंट्स में एसएच1 स्पोर्ट्स क्लास उन एथलीटों के लिए होती है, जिनके ऊपरी या निचले अंगों (हाथ या पैर) में कोई शारीरिक अक्षमता होती है।