पैरा तैराक निरंजन मुकुंदन ने मंगलवार को एशियन पैरा गेम्स 2026 में पुरुषों की एसएम7 वर्ग की 200 मीटर व्यक्तिगत मेडले स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर भारत की झोली में एक और पदक डाला। निरंजन ने 2 मिनट 57.01 सेकंड का समय निकालते हुए तीसरा स्थान हासिल किया।
इस स्पर्धा का गोल्ड मेडल चीन के यिलॉन्ग झांग ने 2:37.69 के गेम्स रिकॉर्ड समय के साथ जीता, जबकि फिलीपींस के अर्नी गाविलन ने 2:52.72 के समय के साथ सिल्वर अपने नाम किया। फाइनल में शामिल एक अन्य भारतीय, सुयश नारायण जाधव 3:03.40 का समय निकालकर पांचवें स्थान पर रहे।
निरंजन मुकुंदन भारत के सबसे चर्चित पैरा तैराकों में से एक हैं, जिनके नाम 107 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मेडल हैं। किसी भारतीय पैरा तैराक द्वारा बनाए गए सबसे अधिक एशियन रिकॉर्ड (दो लॉन्ग-कोर्स और पांच शॉर्ट-कोर्स रिकॉर्ड) उन्हीं के नाम हैं। इनमें 200 मीटर बैकस्ट्रोक (आईडीएम बर्लिन 2018), 800 मीटर फ्रीस्टाइल (प्राग 2022) और 1500 मीटर फ्रीस्टाइल (नॉर्वे में 2023 बर्गन स्विम फेस्टिवल में 16 साल पुराने एशियन रिकॉर्ड को तोड़ना) शामिल हैं।