एशियन पैरा गेम्स 2026 में शुक्रवार को भी भारतीय खिलाड़ियों का जलवा कायम रखा। संदीप कुमार ने पुरुषों की 400 मीटर दौड़ में विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक जीता तो जैवलिन थ्रो में भी खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को बधाई दी है।
पीएमओ के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' के हवाले से प्रधानमंत्री मोदी ने स्वर्ण पदक जीतने पर संदीप कुमार को बधाई दी। पीएम मोदी ने लिखा, "भारतीय पैरा एथलेटिक्स के लिए एक स्वर्णिम पल। संदीप कुमार को पुरुषों की 400 मीटर टी64 स्पर्धा में नया विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई। पहली बार हिस्सा ले रहे खिलाड़ी का यह शानदार प्रदर्शन और भी खास हो गया, क्योंकि यह एशियाई पैरा खेलों में भारत का 100वां पदक है। वह आगे भी देश को गौरवान्वित करते रहें।"
पीएम मोदी ने कांस्य पदक जीतने पर अजय को बधाई देते हुए लिखा, "एशियन पैरा गेम्स में पुरुषों की 400 मीटर टी64 स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर अजय कुमार को बधाई। ट्रैक पर उनके प्रदर्शन ने भारत के लिए गर्व का एक और पल ला दिया है। वह इसी तरह नई ऊंचाइयों को छूते रहें और और भी बड़ी सफलता हासिल करें।"