प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को 'एशियन पैरा गेम्स 2026' में पदक जीतने वाले भारतीय एथलीट्स को बधाई देते हुए दृढ़ संकल्प, निरंतरता और खेल में उत्कृष्टता के प्रति उनके समर्पण की सराहना की। इसी के साथ पीएम ने उन्हें आगे के खेल सफर के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं भी दीं। भारत कुल 62 मेडल (14 गोल्ड, 22 सिल्वर और 26 ब्रॉन्ज) के साथ मेडल टैली में पांचवें स्थान पर है।
पुरुषों की हाई जंप टी64 स्पर्धा में गोल्ड जीतने वाले प्रवीण कुमार की तारीफ में पीएम मोदी ने कहा, "एशियन पैरा गेम्स में प्रवीण कुमार की सफलता का सिलसिला जारी है। एक शानदार छलांग के साथ उन्होंने पुरुषों की हाई जंप टी64 स्पर्धा में अपना गोल्ड मेडल सफलतापूर्वक बरकरार रखा और अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया। यह असाधारण उपलब्धि उनके निरंतर प्रदर्शन, खेल कौशल और उत्कृष्टता पाने की अटूट लगन को दर्शाती है। एक बार फिर देश का मान बढ़ाने के लिए प्रवीण को हार्दिक बधाई।"
पीएम ने पैरा एथलीट आयुष वर्मा की तारीफ में कहा, "एशियन पैरा गेम्स 2026 में पुरुषों की शॉट पुट एफ53 स्पर्धा में बेहतरीन थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीतने पर आयुष वर्मा को बधाई। शॉट पुट में स्वर्ण और जैवलिन थ्रो में कांस्य पदक के साथ आयुष ने अपने पहले एशियन पैरा गेम्स अभियान का समापन दो पदकों के साथ किया है। यह वास्तव में उनकी प्रतिभा, बहुमुखी प्रतिभा और दृढ़ संकल्प का शानदार प्रदर्शन है। उनके आगे के खेल सफर के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं।"