एशियन पैरा गेम्स 2026 में सोमवार को पैरा-एथलेटिक्स में सौम्या, राधा वेंकटेश और रक्षिता राजू ने भारत के पदकों की संख्या में इजाफा किया। जापान के नागोया में स्थित मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में महिलाओं की 1500 मीटर टी12/टी13 फाइनल स्पर्धा में सौम्या (गाइड भरत कुमार के साथ) ने गोल्ड मेडल जीता, जबकि इसी स्पर्धा में राधा (गाइड गोविंद सोलंकी के साथ) ने सिल्वर मेडल हासिल किया।
सौम्या (टी12 एथलीट) ने 5:12.39 सेकंड (621 रजा प्वाइंट्स) के समय के साथ पहला स्थान प्राप्त किया, वहीं राधा (टी12 एथलीट) 5:30.90 सेकंड (421 रजा प्वाइंट्स) के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। जापान की माना सासाकी (टी13) ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। सासाकी ने 5:12.15 सेकंड का समय लिया था, लेकिन उन्हें 336 रजा प्वाइंट्स मिले, जिससे उन्हें ब्रॉन्ज मेडल मिला।
'रजा प्वाइंट्स' एक गणितीय स्कोरिंग प्रणाली है, जिसका उपयोग अलग-अलग दिव्यांगता श्रेणियों के खिलाड़ियों के प्रदर्शन की निष्पक्ष तुलना करने के लिए किया जाता है।