भारतीय पैरा स्प्रिंटर सिमरन शर्मा ने बुधवार को आइची-नागोया में आयोजित एशियन पैरा गेम्स 2026 में अपना दूसरा गोल्ड मेडल जीत लिया। सिमरन ने महिलाओं की 100 मीटर टी12 वर्ग की फाइनल रेस में 12.02 सेकंड का गेम्स रिकॉर्ड समय दर्ज करते हुए पहला स्थान हासिल किया। इसी के साथ हीट्स में बनाए गए अपने ही पिछले रिकॉर्ड में सुधार किया। इससे पहले, मंगलवार को सिमरन ने महिलाओं की 200 मीटर टी12 कैटेगरी में 24.80 सेकंड का समय निकालकर गेम्स रिकॉर्ड के साथ गोल्ड जीता था।
'टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम' (टॉप्स) से समर्थित सिमरन ने 12.13 सेकंड के अपने पिछले गेम्स रिकॉर्ड को बेहतर करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उन्होंने हांगझोऊ में आयोजित एशियन पैरा गेम्स 2022 में इसी स्पर्धा में 12.68 सेकंड के समय के साथ सिल्वर मेडल जीता था। इस बार उन्होंने अपने समय में 0.66 सेकंड का सुधार करते हुए इसे गोल्ड में बदल दिया।
पेरिस पैरालंपिक 2024 में टी12 कैटेगरी की ब्रॉन्ज मेडलिस्ट और 100 मीटर की वर्ल्ड चैंपियन सिमरन ने हांगझोऊ 2022 (26.12 सेकंड) के सिल्वर मेडल से आगे बढ़कर 2026 में गोल्ड मेडल हासिल किया। उन्होंने अपने समय में 1.32 सेकंड का सुधार किया। इसी स्पर्धा में, गुजरात की दृष्टिबाधित टी12 पैरा-एथलीट तेजलबेन दामोर ने भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 25.23 सेकंड के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल करते हुए अपना 'पर्सनल बेस्ट' प्रदर्शन किया।