ओलंपियन इलावेनिल वलारिवन ने 10 मीटर एयर राइफल महिला इवेंट में जापान की मिसाकी नोबाटा को करीबी अंतर से हराकर गोल्ड मेडल पर निशाना साधा। वहीं, शांभवी क्षीरसागर ने एशियन जूनियर फाइनल में एक नया रिकॉर्ड बनाते हुए एशियन राइफल/पिस्टल चैंपियनशिप 2026 की जूनियर कैटेगरी में गोल्ड मेडल जीता।
नई दिल्ली स्थित डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित चैंपियनशिप में मेघना सज्जनार ने भी ब्रॉन्ज मेडल जीतकर पोडियम पर जगह बनाई, जबकि मान्यता सिंह और अनीशा शर्मा के साथ मिलकर भारत को जूनियर महिला मेडल्स में क्लीन स्वीप हासिल करने में मदद की।
भारत ने चैंपियनशिप में अपना दबदबा बनाए रखते हुए प्रतियोगिता के चौथे दिन 10 गोल्ड मेडल जीते। इसी के साथ भारत के कुल मेडल्स की संख्या 43 हो गई है। इनमें 27 गोल्ड, 10 सिल्वर और 8 ब्रॉन्ज शामिल हैं। ओजस्वी ठाकुर ने भी महिलाओं की यूथ कैटेगरी में गोल्ड मेडल अपने नाम किया है।