22वीं एशियन अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दूसरे दिन भारत की प्रतिभाशाली हाई जंपर पूजा ने राष्ट्रीय और मीट रिकॉर्ड में सुधार किया है। शुक्रवार को हांगकांग में जारी प्रतियोगिता में पूजा ने 1.93 मीटर की छलांग के साथ गोल्ड जीता। इसी के साथ उन्होंने साल 2012 में सहाना कुमारी (1.92 मीटर) के बनाए नेशनल रिकॉर्ड को तोड़ दिया।
शुक्रवार को पूजा का प्रदर्शन उज्बेकिस्तान की स्वेतलाना राडजिविल के साल 2006 में बनाए गए पिछले एशियन अंडर-20 मीट रिकॉर्ड (1.90 मीटर) से भी बेहतर था।
रेस वॉकर नितिन गुप्ता ने पुरुषों की 5,000 मीटर रेस वॉक में पहला स्थान हासिल करते हुए भारत के लिए मेडल का सिलसिला शुरू किया। गोल्ड जीतने के लिए उन्होंने 19:47.49 सेकंड का समय लिया। हालांकि, यह प्रतिभाशाली रेस वॉकर अपने ही एशियन अंडर-20 रिकॉर्ड (18:47.37) से पीछे रह गया। इस स्पर्धा में शामिल दूसरे भारतीय खिलाड़ी तुषार पंवार 20:55.41 के समय के साथ छठे स्थान पर रहे।