हांगकांग में शनिवार को 22वीं एशियन अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारतीय एथलीट्स ने पदकों की सूची में 3 और गोल्ड जोड़े। 3,000 मीटर स्टीपलचेज में निखिल चंद्रशेखर, ऊंची कूद में बसंत और लंबी कूद में शाहनवाज खान ने गोल्ड अपने नाम किया। इससे पहले, भारत ने शुक्रवार को 4 गोल्ड मेडल पर अपना कब्जा किया था।
निखिल चंद्रशेखर ने पुरुषों की 3,000 मीटर स्टीपलचेज में 9:25.44 सेकंड का समय निकालकर पहला स्थान हासिल किया, जो उनका अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन था।
शाहनवाज खान ने पुरुषों की लंबी कूद में अपना दबदबा बनाते हुए दूसरा गोल्ड जोड़ा। दिन की उनकी सबसे अच्छी कूद 7.84 मीटर थी। उनके हमवतन जिथिन अर्जुनन रमन चंद्रशेखरन ने 7.66 मीटर की कूद के साथ सिल्वर जीता। शनिवार को भारत का तीसरा गोल्ड पुरुषों की ऊंची कूद में बसंत के जरिए आया, जिन्होंने 2.20 मीटर की ऊंचाई पार की।