इंग्लिश फुटबॉल क्लब एस्टन विला विमेंस की मिडफील्डर लूसी स्टैनिफोर्थ ने गुरुवार को प्रोफेशनल फुटबॉल से रिटायरमेंट की घोषणा कर दी। 33 वर्षीय खिलाड़ी सीजन के आखिर में अपने 16 साल के शानदार प्रोफेशनल करियर का अंत करेंगी।
लूसी स्टैनिफोर्थ जनवरी 2023 में मैनचेस्टर यूनाइटेड से विला में शामिल हुईं और उन्होंने जल्द ही टीम के मिडफील्ड में अपनी जगह पक्की कर ली। वह साल 2022/23 कैंपेन के दूसरे हाफ में क्लब की ओर से 17 मुकाबले खेलीं और उन्होंने डब्ल्यूएसएल में एस्टन विला के सबसे शानदार प्रदर्शन में अहम योगदान दिया। इसके साथ ही उन्होंने ब्राइटन एंड होव एल्बियन पर मिली 6-2 की दमदार जीत में पहला गोल भी दागा।
अगले तीन सीजन में उन्होंने क्लैरेट एंड ब्लू टीम के लिए 38 मुकाबले और खेले, जिसमें उन्होंने चोटों से जूझते हुए मैदान पर अपनी भूमिका जारी रखी। उन्होंने टोटेनहम हॉटस्पर, क्रिस्टल पैलेस और लीसेस्टर सिटी के खिलाफ मिली यादगार जीत में भी अहम भूमिका निभाई। स्टैनिफोर्थ ने अपने खेल करियर की शुरुआत लोकल क्लब सुंदरलैंड के साथ की और सिर्फ 16 साल की उम्र में सीनियर टीम में डेब्यू कर लिया था।