एशियन फुटबॉल कन्फेडरेशन (एएफसी) ने मंगोलिया की एक महिला मैच अधिकारी और एक खिलाड़ी पर सख्त कार्रवाई करते हुए बैन लगा दिया है, जिन्हें एएफसी विमेंस चैंपियंस लीग 2025/26 (प्रारंभिक चरण) के एक मैच के नतीजे में हेरफेर की कोशिश करते पाया गया। बैन लगाने का यह फैसला एएफसी की अनुशासन और नैतिकता समिति ने लिया, जिसकी घोषणा बुधवार को हुई।
एएफसी ने बुधवार को एक प्रेस रिलीज में बताया, "विस्तृत जांच के बाद, एएफसी की अनुशासन और नैतिकता समिति ने मैच में हेरफेर की कोशिश के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए मंगोलियाई फुटबॉल अधिकारी मुंखत्सेत्सेग बातखू और खिलाड़ी नामूना नारमंदख पर फुटबॉल से जुड़ी सभी गतिविधियों में हिस्सा लेने पर क्रमशः 10 और 5 साल का बैन लगा दिया है।"
रिपोर्ट में कहा गया है कि दोनों को 25 अगस्त, 2025 को स्टैलियन लगुना एफसी (पीएचआई) और खोवद वेस्टर्न एफसी (एमएनजी) के बीच खेले गए एएफसी विमेंस चैंपियंस लीग 2025/26 (प्रारंभिक चरण) के मुकाबले के नतीजे में हेरफेर करने की साजिश रचने का दोषी पाया गया। यह एएफसी के अनुशासन और नैतिकता संहिता के अनुच्छेद 66.1 का उल्लंघन था।