ऑस्ट्रेलिया ओपन: सिंधु सेमीफाइनल में यामागुची से हारीं, भारत का अभियान समाप्त (Image Source: IANS)
ऑस्ट्रेलियन बैडमिंटन ओपन के विमेंस सिंगल्स सेमीफाइनल में शनिवार को हार के साथ भारतीय स्टार पीवी सिंधु का 2026 सीजन में पहली बार खिताबी मुकाबले में पहुंचने का सपना अधूरा रह गया। ओलंपिक मेडलिस्ट सिंधु को मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन अकाने यामागुची के हाथों 20-22, 12-21 से हार का सामना करना पड़ा।
सिंधु ने कड़े मुकाबले वाले पहले गेम में तीसरी वरीयता प्राप्त जापानी खिलाड़ी को कड़ी टक्कर दी, लेकिन फिर यामागुची ने मैच पर पकड़ बनाते हुए मुकाबला 43 मिनट में अपने नाम किया। इसी के साथ यामागुची ने बीडब्ल्यूएफ सुपर 500 टूर्नामेंट के फाइनल में अपनी जगह बना ली।
वर्ल्ड नंबर 10 सिंधु के लिए यह सीजन में एक और करीबी हार थी। जनवरी में मलेशिया ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद, ऑस्ट्रेलियन ओपन बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर पर इस साल उनका दूसरा सेमीफाइनल था।