रूस के स्टार टेनिस खिलाड़ी डेनियल मेदवेदेव ने ऑस्ट्रेलियन ओपन के तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया है। जॉन केन एरिना में खेले गए दूसरे दौर के मुकाबले में मेदवेदेव ने फ्रांस के क्वेंटिन हेलिस को 6-7(9), 6-3, 6-4, 6-2 से हराया।
शुरुआती सेट गंवाने के बाद मेदवेदेव ने शानदार वापसी की और अगले तीन सेट जीतकर मैच अपने नाम किया। इस जीत के साथ वर्ल्ड नंबर 11 मेदवेदेव ने 2026 सीजन में अपना अपराजित क्रम सात मैचों तक बढ़ा दिया है, जो उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ सीजन शुरुआत की बराबरी है। इससे पहले उन्होंने 2021 में भी ऐसा ही प्रदर्शन किया था, जो उनके करियर का सबसे सफल साल माना जाता है।
ग्रैंड स्लैम के मुकाबलों की शुरुआत मेदवेदेव के लिए हमेशा से संघर्षपूर्ण रही है। क्वेंटिन हेलिस के खिलाफ भी मैच के पहले सेट में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन उसके बाद दमदार वापसी करते हुए उन्होंने न सिर्फ मैच अपने नाम किया, बल्कि ग्रैंड स्लैम के शुरुआती मैचों में अच्छा प्रदर्शन न कर पाने के अपने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।