दस बार के ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन 38 साल के नोवाक जोकोविच ने एक बार फिर इस प्रतिष्ठित ग्रैंड स्लैम के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। यह 13वां मौका है जब जोकोविच ऑस्ट्रेलियन ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचे हैं।
नोवाक जोकोविच को इस बार भाग्य का सहारा मिला है। बुधवार को मेलबर्न पार्क में पांचवीं सीड इटली के लोरेंजो मुसेट्टी के खिलाफ मुकाबले में जोकोविच दो सेट से पिछड़ रहे थे, लेकिन तीसरे सेट में इंजरी की वजह से मुसेट्टी को कोर्ट से हटना पड़ा और इस वजह से जोकोविच का 13वीं बार ऑस्ट्रेलियन ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचना निश्चित हो गया।
मुसेट्टी ने मुकाबले की शुरुआत शानदार अंदाज में की थी। उन्होंने पहला सेट 6-4 और दूसरा सेट 6-3 से अपने नाम किया था। शुरुआती दो सेटों में इटैलियन खिलाड़ी की सर्विस और बेसलाइन खेल ने जोकोविच को दबाव में रखा। उन्होंने अपने हर शॉट में पेस और सटीकता दिखाई, जिससे जोकोविच को लगातार बैकफुट पर रहना पड़ा। पहले सेट में एक अहम रैली को शार्प एंगल्ड फोरहैंड विनर से समाप्त करके मुसेट्टी ने बढ़त हासिल की। दूसरे सेट में भी उनका मोमेंटम बना रहा और उन्होंने सर्विस ब्रेक के साथ 6-3 से सेट अपने नाम किया।