ऑस्ट्रेलियन बैडमिंटन ओपन 2026 के विमेंस सिंगल्स इवेंट में गुरुवार को पीवी सिंधु और तन्वी शर्मा का प्रदर्शन शानदार रहा, जिन्होंने अपने-अपने मुकाबले जीतकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।
वर्ल्ड नंबर 10 पीवी सिंधु ने हमवतन और वर्ल्ड नंबर 39 खिलाड़ी इशरानी बरुआ को 22-20, 21-12 से हराया। तीसरी वरीयता प्राप्त भारतीय खिलाड़ी ने पहले गेम में इशरानी से मिली कड़ी चुनौती का सामना किया और फिर दूसरे गेम में दबदबा बनाते हुए क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। यह मैच 42 मिनट तक चला। 2 बार की ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपे की चेन सु-यू से मुकाबला करेंगी।
वहीं, एक अन्य ऑल-इंडियन मुकाबले में 17 वर्षीय तन्वी शर्मा ने अपनी सीनियर हमवतन मालविका बंसोड़ के खिलाफ 21-13, 21-15 से शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ तन्वी ने साल के अपने दूसरे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। क्वार्टर फाइनल में उनका सामना जापान की तीन बार की वर्ल्ड चैंपियन और टॉप सीड अकाने यामागुची से होगा।