एवीसी मेन्स कप: भारत ने बहरीन को हराकर पहली बार जीता कांस्य पदक (Image Source: IANS)
भारतीय पुरुष वॉलीबॉल टीम ने रविवार को गुजरात के अहमदाबाद में एवीसी मेन्स कप में अपना पहला पदक जीतकर इतिहास रच दिया। टीम ने कांस्य पदक के प्ले-ऑफ में मौजूदा चैंपियन बहरीन को 3-1 (25-23, 23-25, 25-21, 25-17) से हराया।
इस ऐतिहासिक जीत के साथ भारत का यादगार कैंपेन समाप्त हुआ। उन्होंने इंडोनेशिया से सेमी-फाइनल में मिली करीबी हार की निराशा से वापसी करते हुए टूर्नामेंट के इतिहास में पहली बार पोडियम पर जगह बनाई।
एक दिन पहले, भारत एक ऐतिहासिक फाइनल में पहुंचने से चूक गया था। भारतीय टीम को सेमीफाइनल में इंडोनेशिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। रोमांचक मैच में भारत को 2-3 (25-15, 24-26, 20-25, 25-19, 13-15) से हार का सामना करना पड़ा था।