भारत के स्टार युवा शटलर आयुष शेट्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने निंगबो के निंगबो ओलंपिक खेल केंद्र में खेले गए रोमांचक सेमीफाइनल में दुनिया के नंबर-1 कुनलावुत विटिडसर्न को 10-21, 21-19, 21-17 से हराकर बड़ा उलटफेर किया।
करीब एक घंटे 15 मिनट तक चले इस मुकाबले में 25वीं रैंक के आयुष ने जबरदस्त जज्बा दिखाया। पहला गेम गंवाने के बाद उन्होंने शानदार वापसी की। दूसरे और तीसरे गेम में उन्होंने धैर्य, आक्रामक खेल और नेट पर बेहतरीन नियंत्रण के दम पर मुकाबले का रुख अपने पक्ष में कर लिया।
विटिडसर्न पेरिस ओलंपिक 2024 में रजत पदक विजेता रहे हैं। इसलिए उनके खिलाफ मिली जीत आयुष शेट्टी के करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक मानी जा रही है। वह 2018 में एच. एस. प्रणय के बाद इस टूर्नामेंट में पदक पक्का करने वाले पहले भारतीय एकल पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं। टूर्नामेंट में भारत को आखिरी सफलता सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने दिलायी थी।