जर्मन फुटबॉल की बड़ी टीम बायर्न म्यूनिख को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार खिलाड़ी अल्फोंसो डेविस पेरिस सेंट-जर्मेन के खिलाफ यूईएफए चैंपियंस लीग सेमीफाइनल के दूसरे लेग के दौरान लगी हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण कई हफ्तों के लिए बाहर हो गए हैं।
बुंडेसलीगा चैंपियंस ने शुक्रवार को इस बात की पुष्टि की है। हालांकि, क्लब ने कनाडा के इंटरनेशनल खिलाड़ी के पूरी तरह से फिट होने का कोई निश्चित समय नहीं बताया है। बायर्न ने शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा, "अल्फांसो डेविस को बुधवार को पेरिस सेंट-जर्मेन के खिलाफ चैंपियंस लीग सेमीफाइनल के दूसरे लेग के दौरान बाएं हैमस्ट्रिंग में मसल इंजरी हुई थी, जिसकी पुष्टि एफसी बायर्न मेडिकल यूनिट की जांच से हुई है। इसी वजह से अल्फांसो डेविस कई हफ्तों तक खेल से बाहर रहेंगे।"
डेविस को यह चोट एलियांज एरिना में खेले गए मैच के दौरान लगी, जब वह दूसरे हाफ में सब्स्टीट्यूट के रूप में मैदान पर आए थे। उन्होंने 68वें मिनट में जोसिप स्टानिसिक की जगह ली थी। हालांकि, उनके आने के बाद टीम के खेल में सुधार दिखा और उन्होंने हैरी केन के बराबरी के गोल में भी अहम भूमिका निभाई, लेकिन बाद में उन्हें चोट के कारण मैदान छोड़ना पड़ा।