FIFA World Cup: बेल्जियम के दिग्गज खिलाड़ी थॉमस म्यूनियर ने आगामी 2026/27 सीजन से पहले प्रीमियर लीग क्लब 'सुंदरलैंड एएफसी' के साथ 2 साल का करार किया है। 34 वर्षीय डिफेंडर लिले छोड़ने के बाद 'फ्री एजेंट' थे।
म्यूनियर अगस्त की शुरुआत में सुंदरलैंड एएफसी से जुड़ेंगे। वह इस सीजन में घरेलू और यूरोपीय प्रतियोगिताओं में सुंदरलैंड का प्रतिनिधित्व करने को लेकर उत्साहित हैं।
क्लब की तरफ से जारी आधिकारिक बयान में म्यूनियर ने कहा, "मैं सुंदरलैंड से जुड़ने को लेकर बहुत उत्साहित और सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मैं यहां आकर और अपने करियर का यह नया अध्याय शुरू करके बहुत खुश हूं। प्रीमियर लीग दुनिया की सबसे प्रतिस्पर्धी और रोमांचक लीग में से एक है। यह एक ऐसी चुनौती है जिसका मैं अनुभव करना चाहता था। जब मैंने क्लब से बात की, तो मैं उनके बड़े लक्ष्यों, प्रोजेक्ट और आगे बढ़ते रहने की इच्छा से प्रभावित हुआ।"